कांग्रेस के भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुए आदित्य ठाकरे

कांग्रेस के भारत जोड़ो यात्रा में आज शिवसेना उद्धव ठाकरे गुट के नेता आदित्य ठाकरे शामिल हुए। कांग्रेस नेता राहुल गांधी और आदित्य ठाकरे एक साथ चलते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान आदित्य ठाकरे ने साफ तौर पर कहा कि लोकतंत्र को बचाने के लिए हम सब साथ लड़ रहे हैं। आदित्य ठाकरे के साथ उनकी पार्टी के सहकर्मी अंबादास दानवे और पूर्व विधायक सचिन अहीर भी यात्रा में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि 40 गद्दारों की तरह हमने खुद को नहीं बेचा। आदित्य ठाकरे हिंगोली के कलमनुरी में कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुए।आपको बता दें कि कांग्रेस के भारत जोड़ो यात्रा का आज 65वां दिन है। यात्रा सात सितंबर को तमिलनाडु में कन्याकुमारी से शुरू हुई थी। अपने पद यात्रा के दौरान राहुल गांधी और आदित्य ठाकरे लगातार मार्ग में मौजूद लोगों का अभिवादन करते रहे। इस दौरान लोगों की ओर से फूल भी बरसाए गए। यात्रा का उत्साह बढ़ाने के लिए लोगों का एक समूह हिंगोली पहुंचा था, जिनमें बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे शामिल थे। वे अपने साथ एक हाथी भी लाए थे। मार्ग के दोनों ओर खड़े लोगों ने यात्रा के समर्थन में और पूर्व सैन्य कर्मियों के लिए ‘एक रैंक एक पेंशन’ लागू करने की मांग करते हुए नारे लगाये।इससे पहले शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के नेता संजय राउत ने कहा था कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा “कड़वाहट के माहौल” को खत्म करने और देश को एकजुट करने का एक आंदोलन है। उन्होंने कहा था कि भारत जोड़ो यात्रा देश को एकजुट करने और कटुता के माहौल को खत्म करने का आंदोलन है। इसका स्वागत किया जाना चाहिए। बृहस्पतिवार को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) की नेता सुप्रिया सुले और जितेंद्र आव्हाड ने यात्रा में हिस्सा लिया था। राकांपा प्रमुख शरद पवार को यात्रा में शामिल होने का न्योता दिया गया था, लेकिन अस्वस्थ रहने के कारण वह इसमें भाग नहीं ले सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *