मुरादाबाद। पुलिस अकादमी में चोर चौबीस घंटे में दो बार घुस गए। पुलिस ने घेराबंदी कर दो चोरों को पकड़ने का प्रयास किया तो एक आरोपी दीवार से कूदकर भागने के प्रयास में गिरकर घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि उसके साथी ने पूछताछ में मूर्तियां खरदीने वाले कबाड़ी का नाम बताया। पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने पीतल की दो मूर्ति बरामद कर ली है। पुलिस अकादमी में अफसर मेस के आरआई इंद्रजीत सिंह यादव ने मंगलवार को तहरीर दी थी। जिसमें उन्होंने बताया था कि अकादमी के मीटिंग हाल में रखी नटराज व भगवान बुद्ध की पीतल की प्रतिमा चोरी हो गई हैं।
ऑफिसर मेस की खिड़कियां भी टूटी मिलीं। चोर यहां से मूर्ति चोरी कर ले गए हैं। पुलिस ने केस दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी थी। मंगलवार रात पुलिस चोरों की तलाश में जुटी थी। बुधवार सुबह पांच बजे पुलिस अकादमी के पीटीआई विकास सिंह, आईटीआई असलम और कुक शंकर ने देखा कि दो संदिग्ध युवक घूम रहे हैं।
उन्होंने घेराबंदी कर दोनों को दबोचने की कोशिश की। इसी दौरान एक युवक ने चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद एक युवक दीवार से कूदकर भागने की कोशिश कर रहने लगा। जिसमें वह घायल हो गया। घटना की सूचना मिलने पर सिविल लाइंस पुलिस मौकेपर पहुंच गई। पूछताछ में घायल ने अपनानाम दानिश बताया। वह कटघर के कोहिनूर चौराहा निवासी है।
पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। जबकि दूसरे ने अपना नाम फहीम बताया। फहीम भी कोहिनूर तिराहे के पास रहता है। पूछताछ में फहीम ने बताया कि वह दानिश के साथ 24 घंटे पहले मूर्तियां चोरी की थीं। मूर्ति व सामान को उन्होंने करुला निवासी कबाड़ी शकील को बेच दिया था। इसके बाद पुलिस ने शकील को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर मूर्तियां बरामद कर ली हैं।
एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया ने बताया कि फहीम और शकील को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। जबकि दानिश जिला अस्पताल में भर्ती है।