प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि सरकार राजमार्गों पर ट्रक एवं टैक्सी के चालकों के लिए आराम करने की समुचित जगह मुहैया कराने के लिए एक नई योजना पर काम कर रही है। इस योजना के तहत पहले चरण में 1,000 सुविधा केंद्र बनाए जाएंगे। राष्ट्रीय राजमार्गों के किनारे बनने वाले इन सुविधा केंद्रों पर चालकों के लिए विश्राम स्थल, शौचालय और पीने का पानी उपलब्ध कराया जाएगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने यहां ‘भारत मोबिलिटी’ वैश्विक प्रदर्शनी को संबोधित करते हुए राजमार्गों पर ट्रक एवं टैक्सी चालकों को पेश आने वाली समस्याओं की तरफ उद्योग का ध्यान आकृष्ट करने की कोशिश की। उन्होंने कहा, “ड्राइवर परिवहन क्षेत्र का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। वे लंबे समय तक वाहन चलाते हैं लेकिन उनके पास आराम करने की सही जगह तक नहीं होती है। उन्हें आराम करने का पर्याप्त समय नहीं मिलता है और इसकी वजह से कभी-कभी सड़क दुर्घटनाएं भी हो जाती हैं।” प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार ट्रक चालकों और उनके परिवारों की इस चिंता को समझती है।
