नाना पटोले की मांग, महाराष्ट्र का अपमान करने वाले राज्यपाल कोश्यारी को वापस बुलाए केंद्र सरकार

महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने मुंबई को लेकर बेवजह बयानबाजी कर मुंबई समेत पूरे महाराष्ट्र का अपमान किया है। उन्हें यह नहीं भूलना चाहिए कि मुंबई के निर्माण में मराठी लोगों ने सबसे अधिक योगदान दिया है, लेकिन कोश्यारी बिना पर्याप्त जानकारी के इस तरह के बयान देकर छत्रपति शिवाजी महाराज के महाराष्ट्र का अपमान कर रहे है। राज्यपाल को अपने इस बयान के लिए राज्य की जनता से माफी मांगनी चाहिए। राज्यपाल से यह मांग प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने की है। उन्होंने कहा कि इस तरह के गैर जिम्मेदार बयान  देने  के लिए महामहिम राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री को कड़ा फैसला लेते हुए कोश्यारी को राज्यपाल के पद से हटा देना चाहिए।राज्यपाल कोश्यारी के विवादित बयान पर संज्ञान लेते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले ने आगे कहा कि मुंबई की आर्थिक राजधानी के बारे में राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी का बयान बेहद अपमानजनक है। उन्हें बोलने से पहले ठीक से अध्ययन करना चाहिए। कोश्यारी को पता होना चाहिए कि महाराष्ट्र ने गुजराती और राजस्थानी समाज को क्या दिया है। अडानी, अंबानी समेत कई अन्य उद्योगपतियों को कामयाब बनाने में मुंबई और महाराष्ट्र का एक बड़ा योगदान है। राज्यपाल का पद सम्मान और प्रतिष्ठा का है लेकिन कोश्यारी ने इस पद की छवि धूमिल की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *