22 साल बाद फिर दोहराएगा इतिहास! कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव में दिखेगा मुकाबला

कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए चर्चा लगातार गर्म है। 17 अक्टूबर को कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव होगा। एक से अधिक उम्मीदवार होने की स्थिति में यह चुनाव कराए जाएंगे। नतीजे 19 अक्टूबर को आएंगे। 24 से 30 सितंबर के बीच नामांकन दाखिल किए जाएंगे। सोनिया गांधी से मुलाकात के बाद शशि थरूर भी चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी में है। माना जा रहा है कि शशि थरूर ने सोनिया गांधी के समक्ष चुनाव लड़ने की इच्छा जताई थी। सोनिया गांधी ने गेंद को उनके पल्ले में ही डाल दिया। सोनिया गांधी ने साफ तौर पर कहा कि हर किसी को चुनाव लड़ने का अधिकार है। वह भी चुनाव लड़ने के लिए स्वतंत्र हैं। दूसरी ओर खबर यह भी है कि अशोक गहलोत भी चुनावी मैदान में उतरेंगे। अशोक गहलोत 26 से 28 अक्टूबर के बीच नामांकन दाखिल कर सकते हैं। अब तक के खबरों को देखें तो ऐसा लगता है इस बार कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए चुनाव होंगे। अगर ऐसा होता है तो 22 साल बाद फिर से इतिहास को दोहराया जाएगा। 22 साल पहले भी कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए चुनाव हुए थे। बात वर्ष 2000 की है। सोनिया गांधी और जितेंद्र प्रसाद के बीच कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए मुकाबला हुआ था। जितेंद्र प्रसाद को इस चुनाव में हार का सामना करना पड़ा था। आपको बता दें कि जितेंद्र प्रसाद जितिन प्रसाद के पिता थे। पिछले साल जितिन प्रसाद ने कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होने का निर्णय लिया था। उससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए 1997 में चुनाव हुए थे। यह मुकाबला भी बेहद दिलचस्प था जब सीताराम केसरी, शरद पवार और राजेश पायलट आमने-सामने थे। इस चुनाव में सीताराम केसरी को जीत मिली थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *