सात साल से नाबालिग बेटी का यौन उत्पीड़न कर रहा था पिता

पंजाब और हरियाणा (DID News): हरियाणा के अंबाला से रिश्तों को शर्मशार करने वाला एक मामला सामने आया है। यहाँ एक व्यक्ति को अपनी ही नाबालिग बेटी के साथ दुष्कर्म करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। बताया जा रहा है कि यह व्यक्ति पिछले सात सालों से अपनी बेटी का यौन शोषण कर रहा था। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

अंबाला पुलिस ने बताया कि लड़की की उम्र इस समय 17 साल है और वह अंबाला छावनी के सरकारी स्कूल में पढ़ती है। उसकी शिकायत के आधार पर उसके पिता के खिलाफ यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो अधिनियम) की सुसंगत धाराओं के तहत सोमवार शाम को प्राथमिकी दर्ज की गई थी। जिसके बाद मंगलवार को उसे अदालत के समक्ष किया गया। अदालत ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

पुलिस के हवाले से बताया गया है कि पिता ने लड़की से पहली बार चंडीगढ़ में तब दुष्कर्म किया जब वे किसी रिश्तेदार के घर गए थे और इसके बाद वह नियमित तौर पर उसका यौन उत्पीड़न करने लगा। पुलिस को दी अपनी शिकायत में लड़की ने बताया है, “जब वह 10 साल की थी, तब से उसका पिता उसका यौन उत्पीड़न कर रहा था।”

लड़की ने कहा कि उसके विरोध करने पर उसके पिता ने उसे ढंकी धमकी दी कि अगर वह इसकी जानकारी किसी को देगी तो वह उसे और उसकी मां को जिंदा जला देगा। पुलिस के मुताबिक, पीड़िता ने बताया कि उसने अपने रिश्तेदार को इस बात की जानकारी दी कि उसका पिता उसका लगातार यौन शोषण कर रहा है, जिसके बाद उसके बाकी रिश्तेदारों को इस बात का पता चला।पुलिस ने बताया कि इस घटना की जानकारी पीड़िता के स्कूल के प्रधानाचार्य को हुई तो उसने बच्चों के लिए हेल्पलाइन नंबर पर इसकी जानकारी दी।

हेल्पलाइन की टीम ने लड़की से बातचीत की और इसके बाद पुलिस के समक्ष मामला दर्ज कराया गया। अंबाला छावनी पुलिस थाने के प्रभारी नरेश कुमार ने बताया कि इस संबंध में उन्हें लड़की की शिकायत मिली है। उन्होंने कहा, ‘‘लड़की के पिता के खिलाफ पॉक्सो अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। लड़की की चिकित्सकीय जांच अंबाला छावनी के सिविल अस्पताल में मंगलवार को कराई गई। पीड़िता का बयान भी अदालत में दर्ज कराया जाएगा।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *