नगालैंड में बना इतिहास, पहली बार किसी महिला ने जीता विधानसभा चुनाव

राजनीति (DID News): नगालैंड विधानसभ चुनाव में एक इतिहास रचा गया है। राज्य में पहली बार किसी महिला उम्मीदवार ने विधानसभा चुनाव जीता है। दीमापुर तृतीय विधानसभा से हेकानी जखालू ने जीत दर्ज की है। हेकानी को भाजपा और एनडीपीपी गठबंधन के उम्मीदवार के रूप में चुनावी मैदान में उतरी थीं। उन्होंने लोजपा (रामविलास) की अजेतो जिमोमी को 1536 वोटों से मात दी।

नगालैंड में चार महिलाओं को मिला था टिकट
राज्य में विधानसभा चुनाव में सिर्फ चार महिला उम्मीदवारों को टिकट मिला था। हेकानी इनमें से एक थीं। चुनाव के दौरान हेकानी का प्रचार करने के लिए मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो के साथ असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा भी पहुंचे थे।

कौन हैं हेकानी?
48 साल की एनडीपीपी नेता हेकानी ने कानून की पढ़ाई की है। उन्होंने सेन फ्रांसिस्को विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ लॉ से 2013 में कानून में परास्नातक किया था। हेकानी के पास 5.58 करोड़ की संपत्ति है। अपने चुनावी हलफनामे में उन्होंने अपने ऊपर 41.95 लाख रुपये से ज्यादा का कर्ज भी बताया है। हेकानी के चुनवी हलफनामे के मुताबिक, हेकानी और उनके पति के पास आधा दर्जन कारें हैं। इसकी कुल कीमत 1.32 करोड़ से ज्यादा बताई गई है। हेकानी के पास टोयोटा इनोवा कार है। हलफनामे में उन्होंने अपने पति के पास पांच अलग-अलग कारें बताई हैं।

हेकानी पहनती हैं दो लाख की घड़ी
हलफनामे के मुताबिक, हेकानी 30 हजार की ज्वेलरी और दो लाख रुपये की कीमत की घड़ी पहनती हैं। ऐसे ही उनके पति के पास 60 हजार की सोने की अंगूठियां और दो लाख की सोने की चेन है। उनकी कुल चल संपत्ति 3.51 करोड़ से ज्यादा की है।

अपने नाम पर नहीं है कोई घर
हेकानी के पास खुद के नाम पर कोई घर नहीं है। हलफनामे में उन्होंने अपने पास 22.50 लाख और 15 लाख रुपये की कीमत की दो कृषि योग्य भूमि होने की जानकारी दी है। इसके अलावा उनके पति के नाम पर एक व्यवसायिक और रिहायशी बिल्डिंग है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *