लखनऊ। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के बाद पार्टी ने अगले वर्ष होने वाले लोकसभा चुनाव के मद्देनजर उत्तर प्रदेश में ग्रामीण स्तर तक अपनी पकड़ मजबूत करने और पहुंच बनाने के लिए हाथ से हाथ जोड़ो अभियान शुरू किया है। पार्टी सूत्रों ने बताया कि कांग्रेस महासचिव और उप्र की प्रभारी प्रियंका गांधी वाद्रा कार्यक्रम के लिए फरवरी माह में राज्य का दौरा कर सकती हैं। पार्टी सूत्रों ने बताया कि हाथ से हाथ जोड़ो यात्रा अभियान का उद्देश्य जमीनी स्तर पर लोगों को केंद्र सरकार की विफलताओं से अवगत कराना है। राहुल गांधी द्वारा भारत जोड़ो यात्रा के दौरान अपने अनुभव साझा करने वाले एक पत्र के साथ, कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं का लक्ष्य अगले दो महीने की अवधि के दौरान पूरे राज्य में लोगों से व्यक्तिगत रूप से संपर्क करने के लिए तहसील, ब्लॉक और गांव स्तर तक प्रचार करना है।