Sandeep Singh का CM खट्टर ने किया बचाव

हरियाणा में खेल मंत्री संदीप सिंह को लेकर बवाल मचा हुआ है। विपक्षी दलों द्वारा उन्हें बर्खास्त करने की मांग की जा रही है। दरअसल, संदीप सिंह पर एक महिला कोच ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है। इस मामले पर अब मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर का भी बयान सामने आया है। मनोहर लाल खट्टर ने साफ तौर पर कहा है कि कोई व्यक्ति इसलिए दोषी नहीं हो सकता कि उसके खिलाफ आरोप लगे हैं। फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच कर रही है और जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। आपको बता दें कि आरोप लगने के बाद संदीप सिंह ने खेल विभाग छोड़ दिया था। उन्होंने कहा था कि मैंने नैतिकता के आधार पर यह कदम उठाया है। साथ ही साथ दावा किया था कि मेरे खिलाफ जो भी आरोप लगे हैं वह पूरी तरीके से निराधार है । संदीप सिंह भारत के पूर्व हॉकी कप्तान भी रहे हैं। विवाद के बाद उन्होंने खेल विभाग का प्रभार मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर को सौंप दिया था। हालांकि, अभी तक उन्होंने मंत्री पद से इस्तीफा नहीं दिया है। मनोहर लाल खट्ट ने कहा कि एक महिला खिलाड़ी ने उनके (संदीप सिंह) ऊपर व्यर्थ आरोप लगाया है। आरोप लगाने से कोई व्यक्ति दोषी नहीं हो जाता। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़-हरियाणा पुलिस छानबीन कर रही है, रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई करेंगे। निष्पक्ष जांच के लिए उनको खेल मंत्री के पद से हटाया गया है। खट्टर ने कहा कि खेल विभाग में मंत्री होने के नाते, एक मुद्दा उठाया जा सकता है कि निष्पक्ष जांच नहीं हो रही है। इसलिए, वह (सिंह) खेल मंत्री नहीं रहेंगे, वह वहां से हट चुके हैं ताकि एक उचित और निष्पक्ष जांच हो।

चंडीगढ़ पुलिस ने शनिवार को भाजपा नेता सिंह (36) के खिलाफ यौन उत्पीड़न और गलत तरीके से बंधक बनाकर रखने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की। हरियाणा के पुलिस महानिदेशक ने सिंह द्वारा कोच के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने के बाद एक समिति का गठन किया। सिंह ने कोच के खिलाफ शिकायत में दावा किया कि उसने उनकी छवि खराब की है। सोमवार को एक खाप पंचायत ने चेतावनी दी थी कि अगर सिंह को बर्खास्त नहीं किया गया तो वे बड़ा आंदोलन करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *