Shopian में Migrant Workers पर गोलीबारी के पीछे LeT का हाथ सामने आया, धरपकड़ अभियान तेज

जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले में बृहस्पतिवार को तीन प्रवासी श्रमिकों पर हमले में प्रतिबंधित लश्कर-ए-तैयबा के दो स्थानीय आतंकवादियों का हाथ माना जा रहा है। कश्मीर पुलिस के अवर पुलिस महानिदेशक विजय कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि हमले के लिए जिम्मेदार लोगों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। हम आपको बता दें कि आतंकवादियों ने बृहस्पतिवार को दक्षिण कश्मीर जिले के गगरान गांव में तीन प्रवासी श्रमिकों को गोली मार दी थी, जिसमें वे घायल हो गये। घायल मजदूरों की पहचान अनमोल कुमार, पिंटू कुमार ठाकुर और हीरालाल यादव के रूप में की गयी और तीनों बिहार के सुपौल जिले के निवासी हैं। पुलिस के मुताबिक, दो नकाबपोश लोगों ने गगरान में एक इमारत की पहली मंजिल पर पहुंच कर तीनों श्रमिकों पर गोली चला दी। अधिकारियों ने कहा है कि पुलिस को मानवीय और तकनीकी खुफिया जानकारी के आधार पर लगता है कि लश्कर-ए-तैयबा के दो स्थानीय आतंकवादियों ने इस घटना को अंजाम दिया। उन्होंने कहा, ‘‘पड़ोस के गांवों और जिले के अनेक हिस्सों में छापे मारे जा रहे हैं।’’ अधिकारियों ने कहा कि आतंकवाद में लिप्त लोगों के कई साथियों को पकड़ा गया है और उनसे पूछताछ चल रही है। उन्होंने बताया कि पुलिस को अहम सुराग मिले हैं। विजय कुमार ने जिले में सुरक्षा का जायजा लिया। हम आपको बता दें कि बृहस्पतिवार की गोलीबारी की घटना इस साल कश्मीर में प्रवासियों पर इस तरह के हमले की दूसरी घटना थी।

जम्मू में विरोध प्रदर्शन

 

इस बीच, इस हमले के विरोध में जम्मू में प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने पाकिस्तानी झंडा जलाया और पड़ोसी देश पर जम्मू-कश्मीर में स्थिति को अस्थिर करने की कोशिश करने का आरोप लगाया। शिव सेना डोगरा फ्रंट (एसएसडीएफ) के कार्यकर्ता अपने अध्यक्ष अशोक गुप्ता के नेतृत्व में रेन पार्क में एकत्र हुए और पाकिस्तानी झंडा जलाया। एसएसडीएफ के अध्यक्ष अशोक गुप्ता ने संवाददाताओं से कहा, ”पाकिस्तान कश्मीर में हालात को अस्थिर करने की कोशिश कर रहा है। पहले तो आतंकवादियों ने कश्मीर में एक जवान की हत्या कर दी और अब इन हिंदू मजदूरों को निशाना बनाया। हम इस हमले की निंदा करते हैं।’’ एकम सनातन भारत और इक्कजुट्ट जम्मू पार्टी की युवा शाखा ने भी इस हमले की निंदा करने के लिए हरि सिंह पार्क में प्रदर्शन किया। राष्ट्रीय बजरंग दल के सदस्यों ने भी विरोध प्रदर्शन किया और पाकिस्तान के खिलाफ नारेबाजी की तथा उसका झंडा जलाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *